रायपुर। करीब एक दशक बाद राजधानी रायपुर में फिर से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का रोमांच देखने को मिलेगा। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दो मुकाबले आयोजित किए जाने की तैयारी चल रही है। फ्रेंचाइजी ने इस स्टेडियम को अपना होम ग्राउंड बनाया है, जिससे रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों को लंबे समय बाद लाइव आईपीएल मैच देखने का मौका मिल सकता है।
जानकारी के अनुसार, इन मुकाबलों में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस जैसी दिग्गज टीमों के खिलाफ मैच शामिल होने की संभावना है। इससे दर्शकों को विराट कोहली, एमएस धोनी और रोहित शर्मा जैसे स्टार खिलाड़ियों को एक ही मैदान पर खेलने का अनुभव मिलेगा।
स्टेडियम में वीआईपी गैलरी को आधुनिक बनाने, स्क्रीन में बदलाव और गोल्ड-सिल्वर सीटों को लग्जरी बनाने की योजना है। इसके अलावा प्लेटिनम बॉक्स में ग्लास बदलने और स्टेडियम के बाहर टीमों की प्रैक्टिस के लिए अलग पिच तैयार करने की तैयारी भी की जा रही है।
करीब 50,000 से अधिक दर्शक क्षमता वाले स्टेडियम में मैचों के आयोजन के लिए फ्रेंचाइजी ने स्थानीय सुविधाओं और रायपुर के स्टार होटल्स का सर्वे भी किया है। सभी तैयारियां समय पर पूरी होने पर रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों को लंबे इंतजार के बाद आईपीएल के हाई वोल्टेज मुकाबलों का रोमांच देखने को मिलेगा।





