July 23, 2026

Raipur News: 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, राज्यपाल और CM साय निभाएंगे ‘छेरा पहरा’ की परंपरा

रायपुर। राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा की तैयारियां पूरी हो गई हैं। 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा तीनों दिव्य रथों पर सवार होकर नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे। वहीं, 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। रथयात्रा से पूर्व 14 जुलाई की शाम 6 बजे मंदिर परिसर में नेत्रोत्सव का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होगा।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री निभाएंगे ‘छेरा पहरा’ की परंपरा

श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष एवं विधायक पुरंदर मिश्रा ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस वर्ष रथयात्रा में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भगवान के रथ के समक्ष सोने की झाड़ू से ‘छेरा पहरा’ की पारंपरिक रस्म निभाएंगे। यह परंपरा सेवा, समर्पण और समानता का प्रतीक मानी जाती है।

उन्होंने बताया कि आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शामिल होंगे।

सुबह 11 बजे से शुरू होंगे धार्मिक अनुष्ठान

रथयात्रा के दिन सुबह 11 बजे वैदिक पंडितों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और हवन किया जाएगा। भगवान का चंदन, केसर, कस्तूरी और कपूर जैसे सुगंधित द्रव्यों से दिव्य स्नान कराया जाएगा।

इसके बाद भगवान को गजामूंग महाप्रसाद अर्पित किया जाएगा और वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद तथा मंगल वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को उनके दिव्य रथों पर विराजमान कर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया जाएगा।

भक्तों के लिए विशेष महत्व

समिति के अनुसार, रथयात्रा वह पावन अवसर है जब भगवान जगन्नाथ वर्ष में एक बार मंदिर से बाहर निकलकर अपने भक्तों को दर्शन देते हैं। इस महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।