जगदलपुर। रायपुर-जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट पिछले करीब एक साल से बंद पड़ी है, जिससे बस्तर क्षेत्र के लोगों और व्यापारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हवाई सेवा बंद होने से खासकर व्यापारिक गतिविधियों और आवागमन पर असर पड़ा है।
बस्तर का व्यापारी वर्ग लंबे समय से इस फ्लाइट को दोबारा शुरू करने की मांग कर रहा है। अब बंद पड़ी इस हवाई सेवा को फिर से शुरू करने की कवायद तेज हो गई है।
जिला प्रशासन द्वारा एलायंस एयर कंपनी से रायपुर-जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट को पुनः शुरू करने के लिए बातचीत की जा रही है। प्रशासन को उम्मीद है कि मार्च के पहले सप्ताह तक इस संबंध में सकारात्मक खबर सामने आ सकती है।
फ्लाइट सेवा शुरू होने से बस्तर के लोगों को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही रायपुर और हैदराबाद से बस्तर आने वाले पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ेगी, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि इस रूट पर पहले एलायंस एयर द्वारा हवाई सेवा संचालित की जा रही थी, लेकिन कम यात्री संख्या और आर्थिक नुकसान के कारण वर्ष 2024 के मध्य से यह फ्लाइट बंद कर दी गई थी। अब उम्मीद जताई जा रही है कि समर सेशन में यह सेवा फिर से शुरू हो सकती है।





