May 18, 2026

ज्वेलर्स शॉप में बवाल: कर्मचारी पर 6.49 लाख की चोरी का आरोप, बंधक बनाकर पिटाई का पलटवार

रायपुर। राजधानी के सदर बाजार स्थित ज्वेलरी शॉप में उस वक्त विवाद खड़ा हो गया, जब एक कर्मचारी पर लाखों के गहनों की चोरी का आरोप लगा, वहीं कर्मचारी ने खुद को बंधक बनाकर बेरहमी से पिटाई करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक ने कर्मचारी आर्यन शर्मा पर करीब 6.49 लाख रुपए के आभूषण चोरी करने का आरोप लगाया है। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में कर्मचारी को कथित तौर पर गहने जेब में रखते हुए देखा गया है। प्रबंधन का दावा है कि पूछताछ के दौरान कर्मचारी ने चोरी कबूल की, जिसके बाद उसके परिजनों ने गहने वापस कर दिए।

वहीं कर्मचारी आर्यन शर्मा ने संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि उसे दुकान में करीब 8 घंटे तक बंधक बनाकर पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही उसकी मां से जेवर मंगवाकर ही उसे छोड़ा गया।

पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।