रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरों ने एक सर्राफा दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 1 करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र के शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स की है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे अज्ञात चोर दुकान में घुसे और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो गए। सोमवार सुबह जब कारोबारी दुकान पहुंचा तो चोरी का पता चला। दुकान में सामान बिखरा मिला और जेवर गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके।
घटना के बाद सराफा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस चोरी की इस बड़ी वारदात की जांच में जुटी हुई है।





