July 29, 2026

रायपुर ज्वेलरी शॉप से 2.34 करोड़ का सोना लेकर 16 साल पुराना कर्मचारी फरार, CCTV से हुआ खुलासा

रायपुर। राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान से करोड़ों रुपए का सोना चोरी होने का मामला सामने आया है। 16 साल से काम कर रहा एक कर्मचारी 2.34 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य का सोना लेकर फरार हो गया।

भरोसेमंद कर्मचारी ने दिया धोखा

जानकारी के अनुसार, बंधवापारा निवासी सूरज साहू पिछले लंबे समय से मनोहरमल एंड कंपनी में कार्यरत था और उसे दुकान के सोने-चांदी की देखरेख और लॉकर में रखने की जिम्मेदारी दी गई थी।

भरोसेमंद होने के कारण उसे डिस्प्ले से सोना निकालकर वापस लॉकर में रखने की अनुमति भी दी गई थी।

लॉकर से सोना लेकर हुआ फरार

पिछले महीने आरोपी ने एक व्यापारी को दिखाने के बहाने लॉकर से सोना निकाला, लेकिन उसे वापस रखने के बजाय अपने बैग में रखकर चुपचाप घर चला गया। इसके बाद भी वह कुछ दिनों तक दुकान आता रहा, जिससे किसी को शक नहीं हुआ।

करीब एक महीने बाद स्टॉक मिलान के दौरान 1,495 ग्राम सोना कम पाया गया।

CCTV फुटेज से खुला राज

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद कर्मचारी की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। फुटेज में आरोपी को सोने के साथ हेराफेरी करते हुए देखा गया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की शिकायत के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी के घर पहुंची, लेकिन वह फरार मिला। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है।

करोड़ों के सोने की चोरी से हड़कंप

करीब 2.34 करोड़ रुपए मूल्य के सोने की चोरी से ज्वेलरी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।