उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शैक्षणिक भ्रमण दल को दिखाई हरी झंडी

रायपुर, 12 फरवरी 2026।
उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने आज कवर्धा के समनापुर पुल के पास से बनासकाठा (गुजरात) स्थित डेयरी कोऑपरेटिव एवं अमूल डेयरी के शैक्षणिक भ्रमण पर जा रहे कबीरधाम जिले के पशुपालकों और बिहान समूह की दीदियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने बस में पहुंचकर प्रतिभागियों से आत्मीय संवाद किया और भ्रमण के उद्देश्य पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह केवल भ्रमण नहीं, बल्कि सीखने और उसे जिले में लागू करने का अवसर है। प्रतिभागी बनासकाठा के सफल डेयरी मॉडल, प्रबंधन प्रणाली और तकनीकी नवाचारों का अध्ययन कर दुग्ध उत्पादन और आजीविका संवर्धन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बताया कि भ्रमण के दौरान उन्नत पशुपालन तकनीक, संतुलित चारा विकास, दुग्ध संकलन एवं प्रसंस्करण प्रणाली, गुणवत्ता नियंत्रण, डेयरी उत्पाद निर्माण और विपणन व्यवस्था की व्यवहारिक जानकारी दी जाएगी। सहकारी मॉडल के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की प्रक्रिया को भी समझाया जाएगा।
विशेष प्रयासों से कबीरधाम जिले के 17 बिहान समूह (एनआरएलएम) की दीदियां और 17 पशुपालक इस अध्ययन भ्रमण में शामिल हुए हैं। बनासकाठा और अमूल डेयरी कोऑपरेटिव देश-विदेश में अपने उत्कृष्ट सहकारी मॉडल और दुग्ध उत्पादन प्रणाली के लिए प्रसिद्ध हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं और पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सतत प्रयास कर रही है। बिहान समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है, वहीं पशुपालन विभाग आय वृद्धि के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रहा है।





