
4.73 करोड़ रुपये जारी, अब तक 14,518 किसानों को मिला 51.51 करोड़ का भुगतान
रायपुर, 12 फरवरी 2026।
होली पर्व से पहले कवर्धा जिले के गन्ना किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना मर्यादित, राम्हेपुर द्वारा किसानों के लिए 4.73 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है।
अब तक कुल 14,518 गन्ना किसानों को 51.51 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। समयबद्ध भुगतान से किसानों को आर्थिक संबल मिला है, जिससे वे आगामी कृषि कार्यों की बेहतर तैयारी कर पा रहे हैं। कलेक्टर एवं कारखाने के प्राधिकृत अधिकारी श्री गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में भुगतान प्रक्रिया लगातार जारी है।
कारखाना प्रबंधन के अनुसार चालू पेराई सत्र में अब तक 2,42,990 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 2,86,743 क्विंटल शक्कर का उत्पादन किया जा चुका है। होली जैसे बड़े पर्व से पहले भुगतान होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
प्रबंधन ने किसानों से अपील की है कि वे सर्वे के अनुरूप अधिक से अधिक गन्ना आपूर्ति करें ताकि कारखाने की पेराई क्षमता का पूरा उपयोग हो सके और आगे भी समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।





