अंबेडकर चौक से समनापुर पुल तक बनेगी सड़क, सामुदायिक भवन का होगा निर्माण

रायपुर, 12 फरवरी 2026।
उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने कवर्धा नगर के विकास को नई दिशा देते हुए कुल 2 करोड़ 80 लाख रुपये के निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर अंबेडकर चौक से समनापुर पुल तक बीटी रोड एवं नाली निर्माण तथा लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया।

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए सड़क, नाली और सामुदायिक भवन जैसी आधारभूत संरचनाएं अत्यंत आवश्यक हैं। अंबेडकर चौक से समनापुर पुल तक लगभग 2 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से बीटी रोड और नाली का निर्माण किया जाएगा, जिससे आवागमन सुगम होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी। वहीं लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनेगा, जिससे सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लोगों को अब आवास स्वीकृति में कोई परेशानी नहीं होगी। नगर पालिका द्वारा कब्जा प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे, जिसके बाद हितग्राहियों को 2 लाख 36 हजार रुपये की सहायता मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर और चूल्हा भी वितरित किया गया।

उप मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि अंबेडकर चौक के पास 30 लाख रुपये की लागत से सियान सदन का निर्माण होगा। शहर के प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण के लिए भी 20-20 लाख रुपये स्वीकृत किए जा रहे हैं। इसके अलावा कवर्धा कॉलेज परिसर में 4.5 करोड़ रुपये की लागत से डिजिटल नालंदा लाइब्रेरी, घोटिया क्षेत्र में 354 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज भवन तथा रायपुर–बिलासपुर मार्ग पर फोरलेन विकास कार्य भी प्रस्तावित हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के नेतृत्व में कवर्धा का चौमुखी विकास लगातार हो रहा है। शहर में गौरव पथ, बस स्टैंड मार्ग, चौपाटी, हनुमंत वाटिका और अन्य क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।





