September 4, 2026

खारुन नदी में तैरती मिली 53 वर्षीय शख्स की लाश, 3 दिन से था लापता; जांच में जुटी पुलिस

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खारुन नदी में एक शख्स का शव तैरता मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

18 अगस्त से लापता था उमेंद्र

मृतक की पहचान चंगोराभाठा निवासी 53 वर्षीय उमेंद्र देवांगन के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक उमेंद्र 18 अगस्त को बिना किसी को बताए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश करने के बाद डीडी नगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

खारुन नदी में मिला शव

इसी बीच आज खारुन नदी में एक शव तैरता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पहचान की प्रक्रिया के बाद शव उमेंद्र देवांगन का होने की पुष्टि हुई।

मौत की वजह जानने पोस्टमार्टम

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उमेंद्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।