कोरबा नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने रविवार को मुड़ापार हेलीपेड में मथुरा माली मरार पटेल समाज को 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित सर्व-सुविधायुक्त सामुदायिक भवन की सौगात दी।

कार्यक्रम में मंत्री श्री देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने समाज के पदाधिकारियों के साथ मां शाकम्भरी देवी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं शहर की खुशहाली की कामना की तथा नवनिर्मित भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया।


इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव सरकार सभी समाजों के आर्थिक उत्थान एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। समाज की मांग पर प्रभारी मंत्री मद से 10 लाख की लागत से भवन का निर्माण कराया गया है, जिसे आज समाज को समर्पित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वार्ड क्रमांक 55 सुमेधा नागिन भाटा में भी समाज के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसका कार्य शीघ्र पूर्ण होगा।
उन्होंने कहा कि पटेल समाज मेहनतकश एवं संगठित समाज है, जो खेती-किसानी एवं सब्जी उत्पादन के साथ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और धरती को हरा-भरा रखने का कार्य कर रहा है।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के नेतृत्व में कोरबा शहर विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। वार्डों और बस्तियों में मूलभूत सुविधाओं से लेकर बड़े निर्माण कार्यों तक लगातार स्वीकृति लाकर कार्य पूर्ण कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, एमआईसी सदस्य धनकुमारी गर्ग, पार्षद ईश्वर पटेल, नरेंद्र देवांगन, मुकुंद कंवर, मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, रामकृष्ण साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं समाज के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष आर.डी. पटेल, महादेव पटेल, लक्ष्मण पटेल, उपाध्यक्ष राजकुमारी पटेल सहित समाज के पदाधिकारियों ने मंत्री श्री देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत का अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया।





