March 4, 2026

रायपुर: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयास से वनांचल के सुदूर टोलों में बिजली पहुंचेगी

रायपुर। सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड के तीन सुदूर ग्रामों में दशकों बाद पहली बार नियमित बिजली पहुंचने जा रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री और भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष प्रयासों से इस महत्वपूर्ण परियोजना को 3 करोड़ 6 लाख 92 हजार 670 रुपये की स्वीकृति मिली है।

वनांचल के टोलों में उजाला
ग्राम मसंकी, बांक और असुरा के कई मजरा-टोले अब तक मुख्य विद्युत लाइन से कटे हुए थे। रात ढलते ही यहां घना अंधेरा छा जाता था और ग्रामीण केवल ढिबरी या सोलर लाइट के सहारे जीवन यापन कर रहे थे। बच्चों की पढ़ाई, किसानों का कार्य और सामान्य जीवन अंधेरे की मार झेल रहे थे।

मुख्यमंत्री मजराटोला विद्युतीकरण योजना
स्वीकृत राशि से ग्राम मसंकी के लुकभुकिया और पतेरीपारा, ग्राम बांक के खासपारा और स्कूलपारा तथा ग्राम असुरा के खासपारा, पण्डोपारा और असुरा-1 में विद्युत विस्तार कार्य किया जाएगा। यह परियोजना न केवल घरों को रोशन करेगी, बल्कि शिक्षा, कृषि और स्वरोजगार के अवसर भी सृजित करेगी।

वन भूमि चुनौती और समाधान
चूंकि ये टोले घने जंगलों के बीच स्थित हैं, विद्युत विस्तार के लिए विशेष वन अनुमति आवश्यक थी। मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर विभागीय स्तर पर अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त कर लिया गया है और अब कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होगा।

मंत्री का संदेश
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश का कोई भी घर अंधेरे में न रहे। विद्युत सुविधा से बच्चों को अध्ययन में सहूलियत, किसानों को कृषि कार्य में सुविधा और स्थानीय स्वरोजगार व लघु उद्यमों को प्रोत्साहन मिलेगा। यह पहल वनांचल क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।