रायपुर। राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में बाउंड्रीवॉल तोड़कर जमीन पर कब्जा करने के मामले में कांग्रेस के पूर्व पार्षद के खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। यह मामला 25 फरवरी से 2 मार्च के बीच की घटना से जुड़ा है, जिसमें पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जमीन मालिक ने दर्ज कराई शिकायत
श्याम नगर तेलीबांधा निवासी 55 वर्षीय अनिल बालानी ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 2006 में शंकर नगर स्थित जमीन को विधिवत खरीदा था और तब से उस पर उनका शांतिपूर्ण कब्जा है। जमीन की रजिस्ट्री और नामांतरण भी विधिवत किया गया था।
सीमांकन के बाद भी विवाद
प्रार्थी के अनुसार, वर्ष 2022 में उन्होंने तहसील में आवेदन देकर जमीन का सीमांकन कराया, जिसके बाद नया खसरा नंबर भी जारी हुआ। इसके बावजूद 2 मार्च 2026 को मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनकी जमीन की बाउंड्रीवॉल तोड़ दी गई है।
पूर्व पार्षद पर आरोप
जानकारी लेने पर पता चला कि राकेश धोतरे ने कथित रूप से बाउंड्रीवॉल तोड़कर जमीन पर कब्जा कर लिया है। प्रार्थी का आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद दीवार तोड़ने की बात स्वीकार की और धमकी देते हुए कहा कि यह जमीन उसकी है और कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत के आधार पर खम्हारडीह पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





