July 29, 2026

रायपुर में फिर लिफ्टकांड, भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी समेत 7 लोग 15 मिनट तक फंसे रहे

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर लिफ्ट खराब होने का मामला सामने आया है। रजबंधा मैदान स्थित एक निजी कॉम्प्लेक्स में मंगलवार को अचानक लिफ्ट बंद हो गई, जिसमें भाजपा प्रवक्ता Amit Chimnani समेत 7 लोग करीब 15 मिनट तक अंदर फंसे रहे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, अमित चिमनानी अन्य लोगों के साथ लिफ्ट से ऊपर जा रहे थे, तभी अचानक लिफ्ट बीच में रुक गई। अंदर फंसे लोगों ने अलार्म और मोबाइल फोन के जरिए मदद मांगने की कोशिश की, लेकिन तत्काल तकनीकी सहायता नहीं मिल सकी।

बाद में कॉम्प्लेक्स के सुरक्षा गार्ड और कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खुलवाया, जिसके बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।

घटना के बाद भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कॉम्प्लेक्स प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस भवन में पहले भी कई बार लिफ्ट खराब होने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। कभी बुजुर्ग तो कभी महिलाएं लिफ्ट में फंस चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन ने अब तक स्थायी समाधान नहीं किया।

उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

बता दें कि हाल के दिनों में रायपुर की कई कमर्शियल बिल्डिंग्स की लिफ्टें खराब होने के कारण चर्चा में रही हैं। कुछ दिन पहले करेंसी टॉवर की लिफ्ट में Richa Sharma भी करीब 10 मिनट तक फंस गई थीं।

जांच में सामने आया था कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के दौरान डीजल जनरेटर के ऑटोमैटिक चेंजओवर सिस्टम में तकनीकी खराबी आने से यूपीएस प्रभावित हुआ था, जिसके कारण लिफ्ट को लगातार बिजली सप्लाई नहीं मिल पाई थी।