March 5, 2026

RMC Marine Drive में पार्किंग शुल्क लागू, चार पहिया के लिए 20 और दोपहिया के लिए 10 रुपये तय

रायपुर: तेलीबांधा तालाब में पार्किंग व्यवस्था सुधारने के लिए निगम ने उठाया कदम, जनता और विपक्ष में दिखी नाराजगी

रायपुर। राजधानी रायपुर के लोगों के शाम के पसंदीदा स्थल तेलीबांधा तालाब (Marine Drive) में अब पार्किंग शुल्क लेने का निर्णय लिया गया है। नगर निगम ने बढ़ते ट्रैफिक दबाव और व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पाथवे को पार्किंग जोन घोषित किया है।

महापौर मीनल चौबे शनिवार को तेलीबांधा तालाब पहुंची और लल्लूराम डॉट कॉम से बातचीत में नए निर्णय पर स्थिति स्पष्ट की। महापौर ने बताया कि पार्किंग शुल्क दोपहर 12 बजे से लागू होगा, जबकि सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए आने वालों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य पार्किंग से पैसा कमाना नहीं है, बल्कि लोगों को व्यवस्थित और सुरक्षित सुविधा देना है। इस योजना के तहत नगर निगम कर्मचारी मौके पर रहकर मॉनिटरिंग करेंगे और फूड जोन में आने वाले वाहनों के मुख्य समय का आंकलन करेंगे। साथ ही महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपनी सुझाव और फीडबैक दें, ताकि सभी के हित में बेहतर समाधान निकाला जा सके।

तेलीबांधा तालाब में पार्किंग शुल्क के इस फैसले को लेकर कांग्रेस भी विरोध के मूड में है। रायपुर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन और पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा कि कांग्रेस जल्द ही इस निर्णय के खिलाफ सक्रिय विरोध करेगी।

नगर निगम द्वारा तय शुल्क के अनुसार, चार पहिया वाहनों के लिए 4 घंटे का शुल्क 20 रुपये और दोपहिया वाहनों के लिए 12 घंटे का शुल्क 10 रुपये रखा गया है। इस निर्णय के बाद फुटपाथ को पार्किंग में तब्दील करने की योजना पर भी विरोध शुरू हो गया है। इसको लेकर तेलीबांधा तालाब में सावधानी और सूचना हेतु बैनर भी लगाए गए हैं।

नगर निगम का कहना है कि इस कदम से न केवल पार्किंग व्यवस्थित होगी, बल्कि वाहनों के अतिक्रमण और ट्रैफिक दबाव में कमी आएगी, जिससे आम जनता और पर्यटकों के लिए सुविधा बेहतर होगी।