March 5, 2026

मरीन ड्राइव पाथवे को पार्किंग बनाने पर विवाद, मॉर्निंग वॉकर्स में नाराजगी

रायपुर। राजधानी रायपुर में नगर निगम के एक फैसले को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) के पाथवे को पार्किंग स्थल घोषित किए जाने के बाद मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक करने वाले लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

नगर निगम द्वारा तेलीबांधा तालाब के पाथवे क्षेत्र में पार्किंग शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके तहत चार पहिया वाहनों के लिए 4 घंटे का शुल्क 20 रुपये और दोपहिया वाहनों के लिए 12 घंटे का शुल्क 10 रुपये तय किया गया है। इस फैसले के बाद पैदल चलने के लिए बने फुटपाथ को पार्किंग में तब्दील किए जाने को लेकर विरोध शुरू हो गया है। विरोध के तहत तेलीबांधा तालाब परिसर में बैनर भी लगाए गए हैं।

मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक करने वाले श्यामलाल साहू, विनीत सहित अन्य लोगों ने इस फैसले पर कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने कहा कि फुटपाथ पर पार्किंग शुल्क वसूलने का निर्णय अव्यवहारिक है। लोगों का कहना है कि पहले भी नगर निगम द्वारा ऐसा ही फैसला लिया गया था, जिसे जनविरोध के बाद वापस लेना पड़ा था। अब सवाल उठ रहा है कि क्या मॉर्निंग वॉक करने वालों से भी शुल्क वसूला जाएगा।

वहीं, इस पूरे मामले पर जब लल्लूराम डॉट कॉम की टीम ने नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप से बातचीत की तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।

गौरतलब है कि जुलाई 2021 में भी नगर निगम ने तेलीबांधा तालाब घूमने आने वाले लोगों से पार्किंग शुल्क वसूलने का आदेश जारी किया था। हालांकि, विरोध के बाद तत्कालीन महापौर एजाज ढेबर ने उस आदेश को वापस ले लिया था।