रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने मेट्रोमोनियल साइट जीवनसाथी डॉट कॉम के जरिए महिला से दोस्ती कर उसे नशीला पदार्थ खिलाकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों के कब्जे से नकदी और जेवर सहित कई सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, खम्हारडीह क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान करीब चार महीने पहले जीवनसाथी डॉट कॉम पर आरोपी अभिनव सिंह से हुई थी। 15 मई को आरोपी उसके घर जन्मदिन मनाने के बहाने पहुंचा और खाना खाने के दौरान चिकन में नशीला पदार्थ मिला दिया, जिससे पीड़िता बेहोश हो गई।
पीड़िता के बेहोश होने के बाद आरोपी उसके घर से सोने की चेन, अंगूठियां और अन्य कीमती जेवर लेकर फरार हो गया। अगले दिन होश आने पर पीड़िता को घटना की जानकारी हुई और उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपी के साथी हितिन नरूला को हरिद्वार (उत्तराखंड) से गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपी अभिनव सिंह उर्फ पहलवान को दिल्ली के पहाड़गंज से दबोचा गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने सोची-समझी साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया था। घटना के दौरान एक आरोपी ने महिला के घर में घुसकर वारदात की, जबकि दूसरा रेलवे स्टेशन से पूरे इलाके की रेकी कर रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 57 हजार रुपये नकद, 2 तोला सोने के जेवर, 1 चांदी का ब्रेसलेट और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी अभिनव सिंह पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है, जिनमें दिल्ली और उत्तराखंड के धोखाधड़ी, चोरी और वाहन चोरी के मामले शामिल हैं।
पुलिस फिलहाल पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित मामलों की जांच में जुटी हुई है।





