रायपुर। राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में देर रात लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। फल बेचकर घर लौट रहे युवक को उसके परिचित ने तीन साथियों के साथ मिलकर घेर लिया और बंदूक व चाकू की नोक पर 36,600 रुपये लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मौदहापारा निवासी शेख शाहिल बाम्बे मार्केट में फल का ठेला लगाता है। सोमवार रात करीब 10:20 बजे वह दुकान बंद कर दिनभर की बिक्री की रकम लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान तालाबपार स्थित महतो गैरेज के पास फिरोज कबाड़ी गली में उसके पिता का पुराना परिचित राजा बैझड़ अपने तीन साथियों के साथ बाइक और एक्टिवा से पहुंचा।
बताया जा रहा है कि राजा बैझड़ ने अल्ताफ का घर पूछने के बहाने शाहिल को बातचीत में उलझाया और गली की ओर ले गया। वहां चारों आरोपियों ने उसे घेर लिया। एक आरोपी ने पीछे से गला पकड़ लिया, जबकि अन्य ने हाथ पकड़ लिए। इसके बाद बंदूक और चाकू दिखाकर उसकी जेब में रखे 36,600 रुपये लूट लिए।
वारदात के बाद आरोपी बाइक और एक्टिवा से फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की जानकारी परिजनों को देने के बाद मौदहापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी राजा बैझड़ और उसके तीन साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





