May 18, 2026

रायपुर मेडिकल कॉलेज 2000 बैच का रियूनियन आज से, 25 साल बाद फिर मिलेंगे साथी

रायपुर। पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के वर्ष 2000 बैच के डॉक्टरों का बहुप्रतीक्षित रियूनियन शनिवार से शुरू हो रहा है। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में देशभर के विभिन्न हिस्सों से पूर्व छात्र रायपुर पहुंच रहे हैं, जो 25 साल बाद एक बार फिर अपने कॉलेज के दिनों को जीएंगे।

इस खास मौके पर डॉक्टर अपने पेशेवर अनुभव साझा करेंगे और छात्र जीवन से जुड़े पुराने किस्सों को ताजा करेंगे। लंबे समय बाद मिल रहे साथी इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए कई गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।

रियूनियन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, अनौपचारिक चर्चा और इंटरैक्शन सेशन आयोजित किए जाएंगे, जिससे आपसी संबंधों को और मजबूत किया जा सके। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन केवल मेल-मिलाप तक सीमित नहीं है, बल्कि चिकित्सा क्षेत्र में आए बदलावों और नई चुनौतियों पर विचार-विमर्श का भी मंच है।

वर्ष 2000 का यह बैच विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी वर्ष छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था। इस लिहाज से यह बैच प्रदेश के पहले मेडिकल बैचों में से एक माना जाता है। रियूनियन के दौरान शिक्षकों का सम्मान भी किया जाएगा और कॉलेज के पुराने दिनों की यादें साझा की जाएंगी।

संगवारी द मिलेनियम रियूनियन कोर कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अश्वनी देवांगन ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य पुराने साथियों के बीच जुड़ाव को फिर से मजबूत करना और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक माहौल तैयार करना है।