रायपुर। रायपुर के मेकाहारा अस्पताल से हत्या के प्रयास के मामले में सजा काट रहा कैदी जेल प्रहरियों को चकमा देकर फरार हो गया। फरार कैदी की पहचान साहेब कुमार ताती के रूप में हुई है।
इलाज के दौरान फरार
जानकारी के मुताबिक, आरोपी को इलाज के लिए जेल से अस्पताल लाया गया था। इसी दौरान उसने मौका देखकर हथकड़ी समेत फरार हो गया।
बिहार का रहने वाला है आरोपी
बताया जा रहा है कि साहेब कुमार ताती मूलतः बिहार का निवासी है। वह करीब तीन साल से गोबरानवापारा थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में रायपुर सेंट्रल जेल में बंद था।
पुलिस ने शुरू की तलाश
मौदहापारा थाना प्रभारी मुकेश शर्मा ने बताया कि कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
बताया जा रहा है कि केंद्रीय जेल से कैदियों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी लापरवाही के चलते कई कैदी फरार हो चुके हैं।
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और जेल प्रबंधन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।





