July 30, 2026

रायपुर के एमजी रोड स्थित ऑटोमोबाइल दुकान में भीषण आग, फायर ब्रिगेड मौके पर

रायपुर |

राजधानी रायपुर के एमजी रोड स्थित एक ऑटोमोबाइल दुकान में गुरुवार को भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार मौदहापारा थाने के ठीक सामने स्थित जया ऑटोमोबाइल में अचानक आग भड़क उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कराया गया। वहीं चार से पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं।

आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने के कारण आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन नहीं हो सका है।

पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आग लगने के कारणों और नुकसान की वास्तविक स्थिति का पता आग पूरी तरह बुझने के बाद ही चल सकेगा।