May 14, 2026

रायपुर: 8 साल की बच्ची का अपहरण और रेप की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 06 फरवरी 2026:
राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया। यहाँ एक कार सवार युवक ने 8 साल की बच्ची को खाना खिलाने का झांसा देकर अपहरण किया और उसके साथ रेप करने की कोशिश की।

जानकारी के मुताबिक, पीड़िता और उसकी सहेली तेलीबांधा सिग्नल पर गुजर-बसर करती थीं। बुधवार रात करीब 9:30 बजे आरोपी नवीन सोनी (21) स्विफ्ट कार में वहां आया और दोनों बच्चियों को खाना खिलाने का झांसा देकर गाड़ी में बैठा लिया। ललित महल के पास पहुंचकर आरोपी ने पीड़िता की सहेली को बाहर भेजा और सुनसान जगह पर पीड़िता के साथ दुष्कर्म की कोशिश की।

पीड़िता देर तक घर न लौटने पर उसके पिता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। ACCU और तेलीबांधा पुलिस ने रात भर की कड़ी मशक्कत के बाद सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर बच्ची को जोरा ग्राम से सुरक्षित निकाल लिया। आरोपी सुबह 4 बजे गिरफ्तार कर लिया गया और पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने सिलतरा निवासी नवीन सोनी के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म सहित पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी ट्रेवल एजेंसी में ड्राइवर का काम करता है। पुलिस अब सभी तकनीकी साक्ष्यों को जुटा रही है।