May 15, 2026

मिवान स्टील प्लांट में मजदूरों की हड़ताल, लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन तेज

रायपुर। राजधानी के मंदिर हसौद स्थित मिवान स्टील प्लांट में कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है। बार-बार आवेदन देने के बावजूद सुनवाई नहीं होने से नाराज सैकड़ों मजदूरों ने काम का बहिष्कार करते हुए प्लांट के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।

कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बंटी मिश्रा और अन्य मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्लांट में श्रम कानूनों का पालन नहीं किया जा रहा और कर्मचारियों से बंधुआ मजदूरों की तरह काम लिया जा रहा है। मजदूरों का आरोप है कि लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं, लेकिन प्रबंधन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगें

हड़ताली कर्मचारियों ने अपनी मांगों में वेतन में नियमित वार्षिक वृद्धि, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान और त्योहारों पर काम करने पर अतिरिक्त वेतन की व्यवस्था की मांग की है। उनका कहना है कि उनसे लगातार ओवरटाइम कराया जाता है, लेकिन उसका उचित भुगतान नहीं किया जाता।

इसके अलावा कर्मचारियों ने हर महीने 4 सवेतन अवकाश, नियुक्ति पत्र और वेतन पर्ची देने की भी मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि बिना नोटिस किसी भी कर्मचारी को नौकरी से न निकाला जाए और 5 साल से अधिक सेवा देने वालों को स्किल्ड श्रेणी में पदोन्नति तथा 10 साल से अधिक काम करने वालों को स्थायी किया जाए।

मजदूरों ने ईएसआई और पीएफ जैसी सुविधाएं लागू करने, भोजन का खर्च कंपनी द्वारा वहन करने और वेतन से अनावश्यक कटौती बंद करने की भी मांग रखी है। साथ ही सुरक्षा उपकरण, कंपनी आईडी कार्ड, स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता और त्योहारों पर बोनस देने की मांग भी शामिल है।

इसके अतिरिक्त, 15 वर्ष से अधिक सेवा देने वाले कर्मचारियों को ग्रेच्युटी का लाभ, वेतन की नियमित समीक्षा और जोखिम भरे कार्य क्षेत्रों में काम करने वालों को हाई स्किल्ड श्रेणी में शामिल करने की मांग की गई है।

अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी।

फिलहाल प्लांट में कामकाज प्रभावित हो गया है और स्थिति को लेकर प्रशासन व प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।