July 23, 2026

90 वर्षीय महिला को मिली नई जिंदगी, रायपुर के एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल में हुआ प्रदेश का पहला सफल EVAR उपचार

रायपुर। रायपुर के एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने 90 वर्षीय महिला के जटिल महाधमनी (एओर्टा) एन्यूरिज्म का सफल उपचार कर उन्हें नई जिंदगी दी है। अस्पताल के अनुसार, छत्तीसगढ़ में 90 वर्ष या उससे अधिक उम्र के मरीज का एंडोवैस्कुलर एओर्टिक एन्यूरिज्म रिपेयर (EVAR) तकनीक से सफल इलाज का यह पहला मामला है।

महिला पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची थीं। जांच में उनकी महाधमनी के निचले हिस्से में 64 मिमी का बड़ा एन्यूरिज्म और रक्त का थक्का पाया गया। मरीज की उम्र और रक्तवाहिनियों की जटिल बनावट को देखते हुए पारंपरिक ओपन सर्जरी की बजाय न्यूनतम चीरे वाली EVAR तकनीक से उपचार करने का निर्णय लिया गया।

26 जून 2026 को करीब 4 घंटे 20 मिनट चली इस जटिल प्रक्रिया को वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ एवं क्लीनिकल लीड डॉ. सुमंता शेखर पाढ़ी के नेतृत्व में सफलतापूर्वक पूरा किया गया। ऑपरेशन में कार्डियोवैस्कुलर सर्जन डॉ. मोहम्मद वसीम खान सहित एनेस्थीसिया विशेषज्ञों की टीम ने भी अहम भूमिका निभाई। सफल उपचार के बाद महिला को 29 जून को स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल ने इसे आधुनिक चिकित्सा तकनीक और विशेषज्ञ टीम की बड़ी उपलब्धि बताया।