March 4, 2026

रायपुर : ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान से 45 परिवारों की जिंदगी बदली, 5 एकड़ में लहलहाई खेती

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शी पहल ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान गांवों में जल आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रहा है। इसी कड़ी में एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम मुख्तियारपारा में वर्षों से अनुपयोगी पड़े स्टॉपडेम का पुनरुद्धार कर ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।

पूर्व में गाद जमाव और जर्जर स्थिति के कारण स्टॉपडेम में पानी ठहर नहीं पाता था। गर्मी शुरू होते ही गांव में घरेलू उपयोग, पशुपालन और खेती तक के लिए जल संकट बन जाता था।

गत वित्तीय वर्ष में ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर महात्मा गांधी नरेगा योजना के अंतर्गत लगभग 4.95 लाख रुपये की स्वीकृति से स्टॉपडेम का सुधार, सिल्ट सफाई एवं भूमि सुधार कार्य कराया गया। तकनीकी निगरानी में कार्य पूर्ण होने के बाद जलधारण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

अब इसका लाभ ग्राम सलका और सिरौली के लगभग 45 परिवारों को मिल रहा है। घरेलू उपयोग, पशुपालन के साथ-साथ 8 से 10 परिवारों ने सब्जी एवं रबी फसल उत्पादन शुरू किया है और 5 एकड़ से अधिक भूमि सिंचित हो चुकी है।

यह पहल दर्शाती है कि जब शासन की योजना, ग्राम सभा की सहभागिता और श्रमशक्ति एक साथ आती है तो जल संरक्षण ग्रामीण समृद्धि का आधार बन जाता है।