July 29, 2026

CG Morning News : रायपुर में मुख्यमंत्री के कई कार्यक्रम, हसदेव जंगल मुद्दे पर सियासत तेज, आज शहर में विविध आयोजन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे सुबह 11:30 बजे राम मंदिर स्थित सुंदर सदन में आयोजित पत्रकारिता गौरव उत्सव में शिरकत करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:40 बजे तेलीबांधा गुरुद्वारा में “चित्र प्रदर्शनी और शहीदी दिवस” कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 3:10 बजे से 3:40 बजे तक वे मठपारा स्थित दुधाधारी सत्संग भवन में रहेंगे, जिसके बाद लगभग 3:50 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

इधर, हसदेव अरण्य में 7 लाख पेड़ों की कटाई की अनुमति को लेकर सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अनुमति दिए जाने के बावजूद राज्य सरकार की चुप्पी समझ से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्वार्थ की राजनीति में लगी हुई है और प्रदेश की संपदाओं को लेकर गंभीर नहीं है।

भूपेश बघेल ने सुशासन तिहार का जिक्र करते हुए कहा कि मंत्री और सांसदों के अधिकारियों से टकराव से प्रदेश में अराजकता जैसे हालात दिखाई दे रहे हैं।

रायपुर में आज हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष विषय पर विशेष संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। आशीर्वाद भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में शाम 6 बजे से होने वाले इस कार्यक्रम में कई साहित्यकार और विद्वान शामिल होंगे।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में चल रहे राष्ट्रीय आम महोत्सव का आज दूसरा दिन है। यहां मियाजाकी और 3 से 5 किलो तक वजनी हाथीझूम आम आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

इसके अलावा राजधानी में आज कई धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम भी होंगे। सुबह योग प्रशिक्षण, मुनि सुव्रत विद्या अनुष्ठान, पुरुषोत्तम मास कथा, श्रीरामचरितमानस कथा, छबील वितरण और शाम को म्यूजिकल प्रस्तुति जैसे आयोजन शामिल हैं।