May 18, 2026

Raipur Traffic Update : मोवा रेलवे अंडरब्रिज बंद, ओवरब्रिज पर लगा लंबा जाम; सूचना बोर्ड नहीं होने से लोग परेशान

Raipur Traffic Update : राजधानी रायपुर में मोवा स्थित रेलवे अंडरब्रिज को 13 मार्च से मरम्मत कार्य के लिए बंद कर दिया गया है। लंबे समय से अंडरब्रिज की हालत खराब थी और यहां सालभर पानी भरा रहता था, जिससे कई हादसे भी हो चुके थे। लगातार शिकायतों के बाद रेलवे ने यहां सड़क मरम्मत का काम शुरू किया है।

सूचना बोर्ड नहीं, राहगीर हो रहे परेशान

अंडरब्रिज बंद होने के बावजूद मौके पर किसी प्रकार का सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है। रोजाना हजारों लोग इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में कई वाहन चालक और राहगीर अंडरब्रिज तक पहुंच जाते हैं और फिर उन्हें वापस लौटना पड़ता है।

मोवा ओवरब्रिज पर बढ़ा ट्रैफिक दबाव

अंडरब्रिज बंद होने के कारण मोवा ओवरब्रिज पर ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ गया है। दिनभर यहां जाम की स्थिति बनी रहती है और वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इससे वाहन चालकों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ रहा है।

वैकल्पिक मार्ग नहीं होने से बढ़ी समस्या

इलाके में आवागमन के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। स्थानीय रहवासी, छात्र-छात्राएं और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ट्रैफिक संभालने के लिए केवल एक जवान

सोमवार को सूचना बोर्ड नहीं होने के कारण कई लोग अंडरब्रिज के पास तक पहुंच गए और उन्हें वापस लौटना पड़ा। सुबह से दोपहर तक यहां लंबा जाम लगा रहता है। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए मौके पर केवल एक पुलिस जवान तैनात है, जिससे व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।