July 31, 2026

Raipur News: मुहर्रम पर आज रायपुर में ट्रैफिक डायवर्जन, दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक कई मार्ग रहेंगे प्रभावित

रायपुर। हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में आज देशभर में मुहर्रम मनाया जा रहा है। राजधानी रायपुर में भी ताजिया जुलूस को लेकर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और शहर में दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार राजातालाब, मोमीनपारा, अमीनपारा, छोटापारा, बैजनाथपारा, नेहरू नगर, संजय नगर और टिकरापारा सहित कई इलाकों से ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे। सभी जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए चौबे कॉलोनी स्थित कर्बला तालाब पहुंचकर संपन्न होंगे।

यह रहेगा ताजिया जुलूस का मार्ग

मुख्य जुलूस नुरानी चौक से शुरू होकर पंडरी बस स्टैंड, मरही माता चौक, मौदहापारा मस्जिद गली, गुरूनानक चौक, राठौर चौक, रामसागरपारा, बढ़ईपारा, मोमीनपारा, आजाद चौक, आमापारा और आरकेसी के सामने से होते हुए चौबे कॉलोनी स्थित कर्बला तालाब पहुंचेगा।

इन वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग

  • दुर्ग-भिलाई जाने वाले वाहन चालक शास्त्री चौक–महिला थाना चौक–कालीबाड़ी चौक–पचपेड़ी नाका–रिंग रोड-1 मार्ग का उपयोग करें।
  • जीई रोड पर चलने वाली सिटी बसें भी कालीबाड़ी चौक, पचपेड़ी नाका और रिंग रोड-1 से संचालित होंगी।
  • टाटीबंध से शहर की ओर आने वाले वाहनों को टाटीबंध चौक से रिंग रोड-1 और एनआईटी के पास से डंगनिया गोल चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
  • पुरानी बस्ती, लाखेनगर, सुंदर नगर और डंगनिया की ओर जाने वाले वाहन कालीबाड़ी चौक–संतोषी नगर जलगृह मार्ग–भाठागांव चौक से होकर आवागमन कर सकते हैं।

इन मार्गों पर रहेगा प्रवेश प्रतिबंधित

जुलूस के दौरान आजाद चौक से आश्रम तिराहा और चौबे कॉलोनी तक जीई रोड से जुड़ने वाले सभी संपर्क मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन मार्गों से आने वाले ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों पर डायवर्ट किया जाएगा।

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक शास्त्री चौक से चौबे कॉलोनी टर्निंग के बीच जीई रोड का उपयोग करने से बचें और यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों का चयन करें।