रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। वेस्ट जोन पुलिस ने महाराष्ट्र से छत्तीसगढ़ आकर गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 21 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 10 लाख 60 हजार रुपए आंकी गई है।
यह कार्रवाई मुजगहन थाना क्षेत्र के नया धमतरी रोड के पास की गई।
ग्राहक तलाशते दबोचे गए तस्कर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी गणेश भाउराव जाधव और नरेश नाथनी मुदी शुक्रवार को धनेली ओवरब्रिज के नीचे संदिग्ध अवस्था में ग्राहक की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को मौके से पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुद को महाराष्ट्र का निवासी बताया। तलाशी लेने पर उनके पास से 21 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी छत्तीसगढ़ में गांजा खपाने के उद्देश्य से आए थे।
अंतर्राज्यीय नेटवर्क की जांच
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मुजगहन पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगालने में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
मामले में आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
- गणेश भाउराव जाधव
पिता – भाउराव जाधव
उम्र – 45 वर्ष
पता – पांदुर्ण, थाना आरणी, जिला यवतमाल, महाराष्ट्र - नरेश नाथनी मुदी
पिता – नाथनी मुदी
उम्र – 54 वर्ष
पता – वैद्य बाड़ी झोपड़पट्टी, जेसल मेलोड़ी जदल तक्का, थाना पनवेल, रायगढ़, महाराष्ट्र
नशे के खिलाफ अभियान जारी
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा शहर और आसपास के क्षेत्रों में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सूखे नशे की तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है।





