July 30, 2026

रायपुर निगम के प्लेसमेंट कर्मचारियों ने दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी, 7 सूत्रीय मांगें रखीं

रायपुर। नगर पालिका निगम रायपुर के प्लेसमेंट कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है। कर्मचारियों ने निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।

प्लेसमेंट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय एड़े ने कहा कि नगर निगम के विभिन्न विभागों, जोनों, कार्यालयों और जनसेवाओं के सुचारू संचालन में प्लेसमेंट कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद कर्मचारियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों के हितों, सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा और विधिक अधिकारों की रक्षा के लिए 7 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया है।

संघ ने बढ़ती महंगाई को देखते हुए न्यूनतम मानदेय 20 हजार रुपये प्रतिमाह लागू करने की मांग की है। इसके अलावा ठेका या एजेंसी बदलने की स्थिति में कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षित रखने और टेंडर अनुबंध में सेवा सुरक्षा की शर्त जोड़ने की मांग की गई है।

कर्मचारियों ने वेतन विसंगति दूर करने, श्रम कानूनों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने तथा बिचौलियों और ठेकेदारों की भूमिका समाप्त कर वेतन सीधे बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से देने की मांग भी उठाई है।

इसके साथ ही प्रत्येक माह की 5 तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने और वर्तमान कार्यभार एवं कर्मचारियों की वास्तविक संख्या के अनुसार निगम के सेटअप में संशोधन करने की मांग की गई है।

संघ का कहना है कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्लेसमेंट कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे, जिससे निगम की विभिन्न सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।