May 15, 2026

रायपुर नगर निगम पर वसूली के आरोप, सब्जी विक्रेता ने जोन-5 टीम की कार्रवाई पर उठाए सवाल

रायपुर। नगर निगम की कार्रवाई एक बार फिर विवादों में घिर गई है। कुशालपुर क्षेत्र में अवैध ठेलों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक सब्जी विक्रेता ने निगम की जोन-5 टीम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया है।

सब्जी विक्रेता बसंत सोना ने आरोप लगाया कि जोन-5 के सहायक राजस्व निरीक्षक ने उनसे पैसे की मांग की और इनकार करने पर उनका ठेला जब्त कर लिया गया। उनका कहना है कि इलाके में कई अवैध ठेले संचालित हो रहे हैं, लेकिन कार्रवाई केवल उनके खिलाफ की गई।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान नियमों का पालन नहीं किया गया और बिना किसी पूर्व सूचना के ठेला जब्त किया गया। उन्होंने इस मामले में कलेक्टर और निगम आयुक्त को शिकायत भेजकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं जोन कमिश्नर ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं और स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।