रायपुर। राजधानी रायपुर में नगर निगम जोन-8 के राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से टैक्स और बकाया राशि जमा नहीं करने वाले 8 बड़े बकायादारों के व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया है। यह कार्रवाई वार्ड क्रमांक 1 और 2 क्षेत्र में की गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
आयुक्त के आदेश पर हुई सख्त कार्रवाई
नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। वहीं इस कार्रवाई में अपर आयुक्त (राजस्व) कृष्णा खटीक, उपायुक्त जागृति साहू और जोन-8 जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के मार्गदर्शन में टीम ने मौके पर पहुंचकर सीलिंग की कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल, राजस्व निरीक्षक राजेश मिश्रा, सहायक निरीक्षक नरेंद्र ठाकुर, खगेंद्र सोनी और राम कुमार औसर सहित पूरी टीम मौजूद रही।
वर्षों से बकाया जमा नहीं, नोटिस के बाद भी अनदेखी
जानकारी के अनुसार, वीर सावरकर नगर (वार्ड 1) और पंडित जवाहर लाल नेहरू वार्ड (वार्ड 2) क्षेत्र के इन बकायादारों द्वारा कई वर्षों से नगर निगम का टैक्स और अन्य बकाया राशि जमा नहीं की जा रही थी।
नगर निगम द्वारा पहले डिमांड बिल, डिमांड नोटिस और अंतिम नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद संबंधित लोगों ने भुगतान नहीं किया। इसके बाद निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए सीधी सीलिंग की कार्रवाई की।
वार्ड 1 के 6 बकायादारों पर कार्रवाई
वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक 1 में जिन बकायादारों पर कार्रवाई की गई, उनमें शामिल हैं—
- रामपाल लहरी – ₹91,572
- सुकलहीन लहरी – ₹91,572
- मो. अब्दुल कलाम – ₹2,05,000
- बलविंदर सिंह – ₹4,00,389
- ओमप्रकाश तिवारी – ₹77,859
- अंकित साव – ₹2,05,879
इन सभी के व्यावसायिक परिसरों को मौके पर पहुंचकर सील कर दिया गया।
वार्ड 2 में भी दो बड़े प्रतिष्ठान सील
पंडित जवाहर लाल नेहरू वार्ड क्रमांक 2 में भी दो बड़े बकायादारों पर कार्रवाई की गई—
- निखिल ट्रेडर्स – ₹5,07,539
- संतोषी देवी/रामनिवास – ₹8,36,874
इन दोनों प्रतिष्ठानों को भी नगर निगम टीम ने ताला लगाकर सीलबंद कर दिया।
निगम का सख्त संदेश
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राजस्व वसूली में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन भी बकायादारों द्वारा समय पर टैक्स जमा नहीं किया जाएगा, उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





