September 4, 2026

रायपुर में नगर निगम का राजस्व वसूली अभियान तेज, बकाया नहीं चुकाने पर कई संपत्तियां सील

रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के राजस्व विभाग ने बकाया संपत्ति कर और अन्य राजस्व की वसूली के लिए अभियान तेज कर दिया है। सभी जोनों में लगातार कार्रवाई करते हुए बकाया राशि जमा नहीं करने वाले संपत्ति मालिकों की संपत्तियां सील की जा रही हैं। कार्रवाई के दौरान कई बड़े बकायादारों ने मौके पर ही लाखों रुपये का भुगतान कर दिया।

उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा और सभी जोन कमिश्नर व सहायक राजस्व अधिकारियों द्वारा अभियान की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग की जा रही है। निगम का कहना है कि अभियान का उद्देश्य बकाया राजस्व की वसूली के साथ-साथ संपत्ति मालिकों को समय पर भुगतान के लिए जागरूक करना है।

जोन 6 और 7 में बड़ी कार्रवाई

जोन 6 के राजस्व विभाग ने वार्ड 65 और 62 में बकाया वसूली अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दो बकायादारों ने क्रमशः 55,404 रुपये और 39,410 रुपये का पूरा बकाया मौके पर जमा कर दिया।

वहीं जोन 7 के वार्ड 22 में संगीता शाह, विशाल शाह और विशेष शाह पर 1,24,245 रुपये का बकाया होने पर संपत्ति सील की गई। इसी वार्ड में सुनील शाह की 55,292 रुपये की बकाया राशि के चलते संपत्ति सील कर दी गई।

चौबे कॉलोनी स्थित भिलाई स्टील एंड रिसर्च सेंटर पर वर्ष 2020-21 से 11,82,544 रुपये का बकाया होने पर संपत्ति सीलबंद की गई। वहीं पाल गुड्स ट्रांसपोर्ट, आमानाका के बकायादार ने कार्रवाई होते ही 1,23,011 रुपये का पूरा भुगतान कर दिया।

जोन 8, 9 और 10 में भी सीलबंदी

जोन 10 के वार्ड 50 में सरिता वाजपेयी पर 3,20,316 रुपये और अनिता कुकरेजा पर 44,196 रुपये के बकाये के चलते संपत्तियां सील की गईं।

जोन 8 में बजरंग लाल अग्रवाल और अनिता अग्रवाल ने कार्रवाई के दौरान 1,31,822 रुपये जमा किए। तापसी डे और गोपाल प्रसाद डे ने 52,934 रुपये के बकाये में से 30,198 रुपये का भुगतान किया।

वार्ड 20 में शुभम के मार्ट परिसर का पुनर्मूल्यांकन करते हुए यूजर चार्ज में 2,04,000 रुपये की वृद्धि की गई। वार्ड 70 में अरिहंत उद्योग का यूजर चार्ज 4,03,872 रुपये बढ़ाया गया।

वार्ड 69 में कृष्णकांत रामावतार तिवारी ने सीलबंदी की कार्रवाई के दौरान आरटीजीएस के माध्यम से 3,55,316 रुपये का पूरा भुगतान किया। वहीं जोन 9 में बल्क नल कनेक्शन काटे जाने की कार्रवाई के बाद संबंधित बकायादार ने मौके पर ही 3,38,608 रुपये जमा कर दिए।

बड़े बकायादारों पर भी शिकंजा

जोन 4 में 6,18,000 रुपये के बड़े बकायादार अमरपाल सिंह की संपत्ति सील की गई। रामदेव मार्केट में प्रमोद कुमार राव ने कार्रवाई के दौरान 1,88,180 रुपये का भुगतान किया।

इसी वार्ड में पद्मादेवी एवं अन्य पर वर्ष 2021 से 5,28,176 रुपये के बकाये के चलते संपत्ति सील की गई। एक अन्य बकायादार पर वर्ष 2019-20 से 5,04,762 रुपये और शांति लाल बरलोटा पर 69,158 रुपये का बकाया होने पर कार्रवाई की गई।

जोन 5 में भी एक बड़े बकायादार ने संपत्ति सील होते ही 6,14,909 रुपये का पूरा भुगतान कर दिया।

निगम ने दी समय पर भुगतान की सलाह

नगर निगम राजस्व विभाग का बकाया वसूली अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों ने बकायादारों से समय पर राशि जमा करने की अपील की है। निगम ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि का भुगतान नहीं करने पर संपत्ति सीलबंदी और अन्य नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।