रायपुर नगर पालिक निगम के जोन-8 राजस्व विभाग ने बकाया कर वसूली को लेकर सख्त अभियान चलाते हुए वर्षों से टैक्स नहीं जमा करने वाले 28 बड़े बकायादारों पर कार्रवाई की। इस दौरान 14 बकायादारों के व्यावसायिक परिसरों को सील किया गया, जबकि कई बकायादारों ने मौके पर ही भुगतान कर राहत हासिल की। कुछ बकायादारों ने 31 मार्च 2026 तक राशि जमा करने का आश्वासन दिया है।
नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई में सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।
यह कार्रवाई वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक 1, पंडित जवाहर लाल नेहरू वार्ड क्रमांक 2, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड क्रमांक 19 और शहीद भगत सिंह वार्ड क्रमांक 21 में की गई, जहां कई वर्षों से बकाया होने के बावजूद नोटिस जारी करने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया था।
अभियान के दौरान 8 व्यावसायिक परिसरों में ताला लगाकर सीलबंदी की गई। वहीं कई बकायादारों ने कार्रवाई के दौरान आंशिक या पूर्ण भुगतान किया। कुछ मामलों में आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान का आश्वासन भी दिया गया।
जोन-8 के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बकाया कर की वसूली के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और समय पर टैक्स जमा नहीं करने वालों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।





