रायपुर। महीनों से चल रहे उहापोह के बाद राजधानी रायपुर के माना क्षेत्र स्थित ग्राम नकटी में प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। आधी रात से ही जेसीबी मशीनों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। पूरे इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर करीब एक हजार पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
48 अवैध मकानों को ढहाने की कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक ग्राम नकटी के वार्ड क्रमांक 16 और 17 में सरकारी जमीन पर बने 48 अवैध मकानों को हटाने के लिए राजस्व विभाग ने पहले ही बेदखली नोटिस जारी किया था। प्रशासन का कहना है कि संबंधित भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया गया है, इसलिए नियमानुसार बेदखली की कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों का विरोध
कार्रवाई का ग्रामीणों ने विरोध किया है। उनका कहना है कि वे वर्षों से इस जमीन पर निवास कर रहे हैं और कई मकानों का निर्माण प्रधानमंत्री आवास योजना (PM Awas Yojana) के तहत हुआ है। ग्रामीणों और प्रशासन के दावों के बीच गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
75 परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था
जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। एसडीएम के अनुसार, ग्राम नकटी के 75 प्रभावित परिवारों को नया रायपुर के सेक्टर-30 स्थित ईडब्ल्यूएस (EWS) आवासों में अस्थायी एवं स्थायी रूप से बसाने की व्यवस्था की जा रही है। आवास आवंटन की प्रक्रिया भी जारी है।





