July 29, 2026

नंदनवन जू और जंगल सफारी की एंट्री और सफारी दरों में बढ़ोतरी, पर्यटकों पर पड़ेगा असर

रायपुर। नवा रायपुर स्थित नंदनवन जू और जंगल सफारी में घूमना अब पर्यटकों के लिए महंगा हो सकता है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने प्रवेश शुल्क, सफारी राइड और अन्य सुविधाओं की नई दरें जारी कर दी हैं, जिसमें कई श्रेणियों में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है, जबकि कुछ मामलों में यह बढ़ोतरी दोगुनी से भी अधिक है।

नई दरों के अनुसार 6 से 12 वर्ष तक के बच्चों का टिकट 25 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया गया है, जबकि 12 वर्ष से अधिक उम्र के आगंतुकों के लिए यह शुल्क 50 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया गया है। विदेशी पर्यटकों के लिए एंट्री शुल्क 200 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये तय किया गया है। हालांकि 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजन को वैध पहचान पत्र पर निःशुल्क प्रवेश की सुविधा जारी रहेगी, लेकिन यह सुविधा वीकेंड, सरकारी अवकाश और सार्वजनिक छुट्टियों पर लागू नहीं होगी।

सफारी राइड के शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है। 6 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए सामान्य बस में 100 रुपये, एसी बस में 150 रुपये और इलेक्ट्रिक बस में 175 रुपये का टिकट लगेगा। वयस्कों के लिए यह दरें क्रमशः 150, 200 और 250 रुपये तय की गई हैं। विदेशी पर्यटकों के लिए सफारी शुल्क 750 रुपये से बढ़कर 1250 रुपये तक पहुंच गया है।

जिप्सी सफारी के लिए प्रति व्यक्ति 700 रुपये और पूरी जिप्सी के लिए 3,500 रुपये देने होंगे। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए यह दर क्रमशः 350 रुपये प्रति व्यक्ति और 2,000 रुपये प्रति जिप्सी तय की गई है, जबकि विदेशी पर्यटकों को 1,500 रुपये प्रति व्यक्ति और 7,000 रुपये प्रति जिप्सी का भुगतान करना होगा।

फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी शुल्क भी तय किया गया है। जू और सफारी परिसर में फोटोग्राफी के लिए 5,000 रुपये प्रतिदिन और कमर्शियल वीडियोग्राफी या फिल्म शूटिंग के लिए 15,000 रुपये प्रतिदिन शुल्क देना होगा, जिसके लिए अनुमति संबंधित अधिकारियों की मंजूरी आवश्यक होगी।

सरकारी स्कूलों के छात्रों को कुछ राहत दी गई है। कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रवेश मिलेगा, जबकि कक्षा 9 से 12 तक के सरकारी स्कूलों के छात्रों को 50 प्रतिशत और निजी स्कूलों के छात्रों को 20 प्रतिशत छूट दी जाएगी।