May 18, 2026

नशा मुक्ति केंद्र में बर्बरता: मरीज से मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल; आरोपी पर FIR दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती मरीज के साथ बर्बरता का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि नशा मुक्ति के नाम पर युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मानसिक स्थिति तक बिगड़ गई।

परिजनों का कहना है कि जब वे युवक से मिलने केंद्र पहुंचे, तो उन्हें गाली-गलौच करते हुए मिलने से रोक दिया गया। इस मामले में पंडरी थाने में शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। युवक के साथ मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, ओडिशा के एक आदिवासी परिवार ने अपने बेटे अंकुर मांझी को नशे की लत छुड़वाने के लिए पिछले साल सितंबर में इस केंद्र में भर्ती कराया था। अक्टूबर में जब परिजन उससे मिलने पहुंचे, तो संस्था के लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी भी की।

नवंबर में परिजन अंकुर को अपने गांव वापस ले गए, जहां उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। पूछताछ में युवक ने बताया कि केंद्र में संचालिका के बेटे अनिकेत शर्मा ने उसके साथ मारपीट की थी।

परिजनों के अनुसार, बाद में अंकुर को इलाज के लिए विशाखापट्टनम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मारपीट के कारण उसकी मानसिक स्थिति प्रभावित होने की बात कही। अस्पताल में 11 दिनों तक उसका इलाज चला और फिलहाल भी उसका नियमित चेकअप जारी है।

मामले में सबूत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी अनिकेत शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।