रायपुर।
नया रायपुर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। नवागांव में कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 16 लोगों को हिरासत में लेकर माना थाने में बैठाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झूमाझटकी की स्थिति बनी, जिसके बाद सभी ग्रामीण मुख्य सड़क पर प्रदर्शन करने पहुंचे।
खपरी गांव में भी तनाव
प्रशासन ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए खपरी गांव में भी अतिक्रमण हटाने के लिए टीम भेजी। जैसे ही प्रशासन और NRDA की टीम गांव में दाखिल हुई, ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर टीम को रोक दिया। इस दौरान प्रशासन और ग्रामीणों के बीच जमकर बहस हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि वे अपनी पुरखौती जमीन किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें एक महीने पहले नोटिस दिया गया था, लेकिन बातचीत और समाधान के बिना ही बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासनिक स्थिति
- सेक्टर 27, 28 और 29 में सुबह से बुलडोजर कार्रवाई जारी है।
- NRDA टीम मौके पर मौजूद है और गांव खाली करवाने की प्रक्रिया चल रही है।
- कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
फिलहाल प्रशासन और ग्रामीणों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है और पूरे मामले पर निगाहें टिकी हुई हैं।





