रायपुर। राजधानी रायपुर के टैगोर नगर स्थित न्यू डेल्ही स्वीट्स की मिठाई में मच्छर मिलने का मामला सामने आया है। ब्राम्हणपारा आजाद चौक निवासी धीरजधर दीवान ने आरोप लगाया कि दुकान से खरीदे गए कलाकंद के अंदर मरा हुआ मच्छर मिला। उन्होंने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जारी करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
उपभोक्ता के मुताबिक, यह घटना उनके साथ दूसरी बार हुई है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इसी दुकान की मिठाई में मच्छर मिलने की शिकायत की थी। उस समय दुकान की ओर से लाइट गुल होने के दौरान पैकिंग में मच्छर गिरने की बात कही गई थी, जिसके बाद उन्होंने मामला छोड़ दिया था। दोबारा ऐसी घटना सामने आने पर उन्होंने मिठाई का बॉक्स लेकर दुकान पहुंचकर वीडियो बनाया और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के टोल फ्री नंबर पर शिकायत की।
शिकायत मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम न्यू डेल्ही स्वीट्स पहुंची और कलाकंद का सैंपल जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा। जांच के दौरान फर्म परिसर में कई तरह की कमियां भी पाई गईं। इन कमियों को दूर करने के लिए विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया है।
‘बने खाबो, बने रहिबो’ अभियान के तहत कार्रवाई
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में 17 से 23 अगस्त तक ‘बने खाबो, बने रहिबो’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत राजधानी समेत अलग-अलग क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और सैंपलिंग की जा रही है।
अभियान के दौरान मेसर्स डीमार्ट कमल विहार से अमूल प्योर घी और वचन काउ घी, अमर ज्योति इंटरप्राइजेस (अपना मार्ट) बीरगांव से डाबर हनी एवं यूनिविक वॉटर, बालाजी ट्रेडिंग होलसेल मार्केट डूमरतराई से देवभोग घी, मयंक ट्रेडिंग कंपनी होलसेल मार्केट डूमरतराई से कीर्ति गोल्ड प्योर काउ घी तथा संतोष मार्केटिंग से श्रीमूल एगमार्क काठ घी, बीकानेरी रसगुल्ला और गुलाब जामुन के सैंपल लिए गए।
इसके अलावा न्यू डेल्ही स्वीट्स टैगोर नगर से कलाकंद और मां दुर्गा स्वीट्स भनपुरी से नारियल लड्डू का नमूना लेकर खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। अमर ज्योति इंटरप्राइजेस और न्यू डेल्ही स्वीट्स के परिसर में मिली कमियों को दूर करने के लिए नोटिस भी जारी किया गया है।
अब खाद्य प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि कलाकंद में मच्छर कैसे पहुंचा और खाद्य मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है या नहीं।





