July 23, 2026

Raipur News: कचना ओवरब्रिज आज से शुरू, रायपुरवासियों को ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, 5 से 8 बजे तक रूट डायवर्जन

रायपुर। राजधानी रायपुर में ट्रैफिक जाम से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। कचना ओवरब्रिज पर शुक्रवार से वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai शाम को इस ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री Arun Sao भी मौजूद रहेंगे।

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के मुताबिक करीब 49 करोड़ रुपए की लागत से बने इस ओवरब्रिज के शुरू होने से शंकरनगर-खम्हारडीह मार्ग पर यातायात सुगम और तेज हो जाएगा।

रेलवे की मंजूरी में देरी से अटका था काम

शासन ने मार्च 2022 में 48.78 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी थी, जबकि सितंबर 2023 में कार्यादेश जारी किया गया। अनुबंध के अनुसार 18 महीने में निर्माण कार्य पूरा होना था, लेकिन रेलवे पटरी के ऊपर स्लैब और गर्डर लगाने के लिए ड्राइंग-डिजाइन की मंजूरी समय पर नहीं मिलने से परियोजना में देरी हुई। लंबे इंतजार के बाद अब निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।

लोगों को ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

शंकरनगर-खम्हारडीह मार्ग पर दिनभर भारी यातायात रहता है। वहीं रायपुर-वाल्टेयर रेललाइन पर लगातार ट्रेनों की आवाजाही के कारण कचना रेलवे फाटक कई बार बंद करना पड़ता था। इससे लोगों को लंबे जाम का सामना करना पड़ता था। ओवरब्रिज शुरू होने के बाद अब राहगीरों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

शाम 5 से 8 बजे तक रहेगा रूट डायवर्जन

लोकार्पण समारोह के चलते शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक खम्हारडीह से कचना और कचना से खम्हारडीह जाने वाले मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।

ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन प्लान के अनुसार:

  • अनुपम नगर से खम्हारडीह-कचना जाने वाले वाहन श्रीराम नगर ओवरब्रिज, अशोका रतन और बीएसएनएल कार्यालय होते हुए कचना की ओर जा सकेंगे।
  • कचना से खम्हारडीह जाने वाले वाहन बीएसएनएल कार्यालय, अशोका रतन और श्रीराम नगर ओवरब्रिज होते हुए आवागमन कर सकेंगे।

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शाम 5 से 8 बजे के बीच इस मार्ग पर अनावश्यक यात्रा से बचें और जरूरी होने पर समय से पहले निकलें।