March 4, 2026

रायपुर: प्रार्थना सभा में अब विद्यार्थियों को पढ़ाई नहीं, अखबार की सुर्खियों से होगा ज्ञान

रायपुर, 11 फरवरी 2026 — सरगुजा जिले के विकासखंड प्रेमनगर की शासकीय प्राथमिक शाला पीपरडांड ने विद्यार्थियों की दैनिक दिनचर्या में एक अभिनव पहल की है। अब प्रार्थना सभा के दौरान छात्र-छात्राएं अखबार की प्रमुख सुर्खियां पढ़ेंगे, जिससे उन्हें देश और दुनिया की समसामयिक घटनाओं की जानकारी प्राप्त होगी और उनकी सोचने, समझने और तर्क करने की क्षमता विकसित होगी।

विद्यालय में इस पहल का उद्देश्य केवल पढ़ने की आदत विकसित करना ही नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को सक्रिय रूप से सोचने, प्रश्न पूछने और संवाद करने के लिए प्रेरित करना भी है। सहायक शिक्षक श्री राजेन्द्र जायसवाल ने बताया कि वर्तमान समय में मोबाइल स्क्रीन पर अधिक समय बिताने के कारण बच्चों में पठन संस्कृति कमजोर होती जा रही है। ऐसे में समाचार पत्र वाचन एक प्रभावी माध्यम के रूप में सामने आया है, जो परीक्षा-केंद्रित शिक्षा को ज्ञान-केंद्रित शिक्षा में बदलने में मदद करेगा।

नई व्यवस्था के तहत प्रार्थना सभा केवल अनुशासनात्मक गतिविधि तक सीमित नहीं रहेगी। इसके साथ ही सप्ताह में एक दिन विद्यार्थियों को संपादकीय विषय पर मौलिक लेखन और समूह चर्चा के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे बच्चों में विचार-विमर्श, संवाद कौशल और अभिव्यक्ति क्षमता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का विकास भी होगा।

विद्यालय की इस नवाचारपूर्ण पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह अभ्यास विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और उन्हें अधिक जागरूक और विचारशील नागरिक बनाने में सहायक होगा।