January 16, 2026

Raipur News Update: होटल में विदेशी महिलाएं संदिग्ध हालात में मिलीं, चाइनीज मांझे से महिला घायल, कैशियर पर 11 लाख की हेराफेरी का आरोप

वीआईपी रोड के होटल में दो विदेशी महिलाएं संदिग्ध हालत में मिलीं

रायपुर।
राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित एक होटल में दो विदेशी महिलाएं संदिग्ध हालत में मिली हैं। पुलिस के अनुसार दोनों महिलाएं रायपुर आने का स्पष्ट कारण नहीं बता पा रही हैं। पूछताछ में सामने आया है कि उन्हें रायपुर के एक युवक ने बुलाया था।
पुलिस ने दोनों महिलाओं के पासपोर्ट और वीजा जब्त कर लिए हैं, जिनमें से एक महिला का वीजा एक्सपायर हो चुका है, इसके बावजूद वह भारत में रह रही थी। फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ जारी है और विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर उनके संबंध में जानकारी मांगी गई है।

पुलिस को आशंका है कि दोनों महिलाओं का संबंध किसी सेक्स रैकेट से जुड़े गिरोह से हो सकता है। इसी कारण कानूनी पहलुओं पर सलाह ली जा रही है कि उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए या विदेश मंत्रालय के माध्यम से उन्हें उनके देश वापस भेजा जाए। इसी वजह से फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उज्बेकिस्तान की रहने वाली दो महिलाएं (उम्र 32 और 34 वर्ष) 8 जनवरी को दिल्ली से रायपुर पहुंची थीं। वे वीआईपी रोड स्थित होटल एरिना में ठहरी हुई थीं। दोनों की रायपुर के एक युवक से इंटरनेट कॉलिंग के जरिए बातचीत हुई थी, जिसने उन्हें एक पार्टी के लिए बुलाया था। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।


प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से महिला गंभीर रूप से घायल

रायपुर।
लाखेनगर इलाके में रविवार शाम करीब 5 बजे पतंग के प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से कटने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता मंदिर जा रही थी, तभी अचानक मांझा उनके चेहरे में फंस गया।
मांझा हटाने के प्रयास में महिला के होंठ और अंगूठे में गहरे कट लग गए और वह लहूलुहान हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह मांझा हटाकर महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

ब्राह्मणपारा निवासी नेहा यादव ने बताया कि मंदिर के पास अचानक कुछ चेहरे से टकराया। हटाने की कोशिश करते ही होंठ और अंगूठा कट गया। खून बहने लगा और दर्द से चीख निकल गई। डॉक्टरों ने महिला के होंठ पर 10 टांके लगाए हैं। आशंका जताई जा रही है कि यह प्रतिबंधित चाइनीज मांझा था।

गौरतलब है कि रायपुर नगर निगम ने 27 दिसंबर को शहर के कई पतंग दुकानों पर छापेमारी कर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त किया था।


गंदगी फैलाने पर डेयरी संचालक पर 5 हजार का जुर्माना

रायपुर।
नगर निगम रायपुर के जोन-2 कमिश्नरी ने रमनमंदिर वार्ड अंतर्गत फाफाडीह क्षेत्र में संचालित महामाया डेयरी पर गंदगी फैलाने के आरोप में 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
जोन कमिश्नर आरके डोंगरे ने बताया कि डेयरी से निकलने वाले गोबर और गंदे पानी के कारण क्षेत्र में बदबू फैल रही थी। नागरिकों की शिकायत पर जांच के बाद डेयरी संचालक धर्मराज साहू पर ई-जुर्माना लगाया गया।

डेयरी के मवेशियों के सड़कों पर घूमने से दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए निगम ने डेयरी को शहर सीमा से बाहर शिफ्ट करने का एक महीने का अल्टीमेटम भी दिया है।


अस्पताल के कैशियर पर 11 लाख की अमानत में खयानत का आरोप

रायपुर।
डीडीनगर थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल के कैशियर पर 11 लाख रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया है। ओम अस्पताल के पार्टनर विनोद अग्रवाल ने कैशियर ओमप्रकाश गिर के खिलाफ अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार आरोपी कैशियर ने अस्पताल की ऑनलाइन प्राप्त रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर बाद में एक महिला स्टाफ के खाते में भेजकर करीब 11 लाख रुपये की गड़बड़ी की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।