May 19, 2026

रायपुर नाइट क्लब VIDEO वायरल: इन्फ्लुएंसर ने परोसी शराब, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर। राजधानी रायपुर के सेरीखेड़ी स्थित एक नाइट क्लब का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देर रात चल रही पार्टी के दौरान एक इन्फ्लुएंसर लड़कियों को शराब परोसते नजर आ रही है। यह मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो पियानो क्लब का बताया जा रहा है, जहां रविवार 5 अप्रैल की देर रात तक पार्टी चल रही थी। वीडियो में तेज म्यूजिक, डांस और युवाओं की भीड़ साफ दिखाई दे रही है। वहीं, पार्टी में मौजूद एक इन्फ्लुएंसर लोगों को अपने हाथों से ड्रिंक्स परोसते नजर आ रही है, जो चर्चा का विषय बन गया है।

मुंबई से बुलाए गए थे कलाकार
बताया जा रहा है कि इस पार्टी के लिए मुंबई से कुछ कलाकार और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को बुलाया गया था। ये लोग पार्टी का हिस्सा बनकर मेहमानों के साथ एंजॉय करते हुए ड्रिंक्स सर्व कर रहे थे।

पुलिस ने की जांच शुरू
लेट नाइट पार्टी की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्लब प्रबंधन से पूछताछ की और नियमों के उल्लंघन की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों में नाराजगी
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि सेरीखेड़ी और आसपास के इलाकों में इस तरह की देर रात पार्टियां अक्सर होती रहती हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित होता है।

सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे नाइट क्लबों पर सख्त कार्रवाई की जाए और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।