May 14, 2026

छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर NSUI का सीएम हाउस घेराव, पुलिस से हल्की झड़प

रायपुर। छत्तीसगढ़ में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर बुधवार को NSUI ने राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास घेराव का प्रयास किया। प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय के नेतृत्व में प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों छात्र-युवा कार्यकर्ता बूढ़ापारा से रैली निकालकर सीएम हाउस की ओर बढ़े।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “छात्र हित में चुनाव कराओ” और “लोकतंत्र बहाल करो” जैसे नारे लगाए। इसी दौरान कुछ जगहों पर बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश भी की गई, जिसके चलते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प हुई।

NSUI का आरोप है कि प्रदेश के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे छात्रों की आवाज कमजोर हुई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर चुनाव की तारीख घोषित नहीं की गई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

इस प्रदर्शन में NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ भी शामिल हुए। रायपुर एयरपोर्ट पर पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया, जिसके बाद वे रैली में शामिल हुए।

विनोद जाखड़ ने कहा कि छात्रहितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सरकार को जल्द चुनाव बहाल करने होंगे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र की पहली पाठशाला है और इसे बंद करना युवाओं की आवाज दबाने जैसा है।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने मुख्यमंत्री निवास के आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात किया था। आगे बढ़ रहे कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में वर्ष 2018 के बाद से नियमित छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं, जिसे लेकर छात्र संगठन लगातार आंदोलनरत हैं।