रायपुर: छत्तीसगढ़ में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर NSUI का प्रदर्शन लगातार जारी है। शुक्रवार को NSUI नेता और कार्यकर्ता उच्च शिक्षा मंत्री के बंगले ज्ञापन सौंपने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें पहले ही रोक दिया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। प्रदर्शन के दौरान NSUI ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।
NSUI के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा कि वे शांतिपूर्वक मंत्री बंगले जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में पिछले 10 वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए गए हैं और इसे बहाल करना ही उनका मुख्य उद्देश्य है।
नीरज पांडेय ने आगे कहा कि यदि सरकार उनकी मांग नहीं मानती है तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शनिवार से सभी विधायकों को ज्ञापन सौंपा जाएगा और 20 अप्रैल को मशाल रैली निकाली जाएगी। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी NSUI कार्यकर्ता प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों का घेराव कर छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग उठा चुके हैं।





