July 27, 2026

छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग पर NSUI का प्रदर्शन, तीन विश्वविद्यालयों का घेराव

रायपुर में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बड़ा प्रदर्शन किया। सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और तीन प्रमुख विश्वविद्यालयों का घेराव किया।

प्रदर्शनकारियों ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और आयुष विश्वविद्यालय का घेराव करते हुए छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग उठाई।

इनमें से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में प्रदर्शन सबसे ज्यादा उग्र रहा, जहां बड़ी संख्या में छात्रों ने जमकर नारेबाजी की।

एनएसयूआई के प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल ने कहा कि उनकी एकमात्र मांग है कि प्रदेश में कई वर्षों से बंद छात्रसंघ चुनाव को फिर से शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि छात्रहितों की आवाज उठाने के लिए छात्रसंघ चुनाव बेहद जरूरी है।

प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। इस दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी की स्थिति भी बनी, हालांकि बाद में हालात नियंत्रण में आ गए।

प्रदर्शन में नीरज पांडे, शांतनु झा, प्रशांत गोस्वामी, पुनेश लहरे, संकल्प मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग जल्द पूरी नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।