रायपुर। Raipur में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बेटिंग साइट का पैनल और लिंक बेचने के आरोप में रामसागरपारा निवासी लोकेश अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी के मोबाइल फोन और बैंक खातों की जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक लोकेश बड़ा बुकी है और कई जिलों में फैले क्रिकेट सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कबीरनगर पुलिस ने पहले कोटा इलाके से आकाश टांडी और मोहम्मद आरिफ को ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद लोकेश अग्रवाल फरार हो गया था, जिसे अब पुलिस ने पकड़ लिया है।
एसीपी आजाद चौक Ishu Agrawal ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी लोकेश अग्रवाल की गिरफ्तारी से ऑनलाइन सट्टे के बड़े सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक आरोपी “मास्टर पैनल” संचालक था और कई लोगों को सट्टेबाजी के लिए आईडी उपलब्ध कराता था।
पुलिस ने बताया कि 14 अप्रैल को कबीरनगर पुलिस ने आकाश टांडी और मोहम्मद आरिफ को परमानंद नगर रेलवे ट्रैक के पास से गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से चार स्मार्टफोन और करीब पांच लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। पूछताछ और मोबाइल के फोरेंसिक विश्लेषण में सामने आया कि दोनों आरोपी लोकेश अग्रवाल से आईडी लेकर ऑनलाइन सट्टे का संचालन करते थे।
जांच में यह भी पता चला है कि लोकेश अग्रवाल “ऑल पैनल 777” समेत कई बेटिंग वेबसाइट्स का मास्टर पैनल चला रहा था। पुलिस को मटका सट्टा संचालन में भी उसके शामिल होने के संकेत मिले हैं। रायपुर और आसपास के जिलों में उसके बड़े नेटवर्क के सुराग मिले हैं, जहां रोजाना लाखों रुपये का अवैध लेनदेन होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस अब आरोपी से जब्त दो मोबाइल फोन और संदिग्ध बैंक खातों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।





