रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन और पट्टी के माध्यम से चल रहे सट्टा कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गुढ़ियारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
13 लाख से अधिक की सामग्री जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 9,05,238 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन, सट्टा पट्टी, कैलकुलेटर और पेन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
पुलिस को 10 अप्रैल 2026 को सूचना मिली थी कि गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के गोंदवारा ओवरब्रिज के नीचे कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश देकर संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम राजा साहू और अभय साहू बताए। उनके मोबाइल की जांच में सामने आया कि वे ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के मास्टर आईडी के जरिए क्रिकेट मैचों पर सट्टा चला रहे थे। साथ ही कॉलिंग के माध्यम से भी दांव लगवाया जा रहा था।
नेटवर्क का खुलासा
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि वे मंजीत सिंह और रोहित मोटवानी के साथ मिलकर यह सट्टा रैकेट चला रहे थे। इसके बाद पुलिस ने अन्य ठिकानों पर दबिश देकर हरीश सकलेचा और आकाश सिन्हा को भी गिरफ्तार किया।
कुछ आरोपी ऑनलाइन के साथ-साथ सट्टा पट्टी के जरिए भी सट्टा संचालित कर रहे थे।
इन धाराओं में मामला दर्ज
सभी आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाना में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- राजा साहू (29 वर्ष)
- अभय साहू (22 वर्ष)
- मंजीत सिंह (32 वर्ष)
- रोहित मोटवानी (29 वर्ष)
- हरीश सकलेचा (41 वर्ष)
- आकाश सिन्हा (36 वर्ष)





