रायपुर। ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की कार्रवाई लगातार जारी है। क्राइम ब्रांच की टीम ने नागपुर से खाईवाल अंकित अग्रवाल को गिरफ्तार किया है, जो इस नेटवर्क में अहम भूमिका निभा रहा था।
पुलिस के अनुसार, अंकित अग्रवाल पूर्व में गिरफ्तार आरोपी नमन जग्गी और आयुष जैन को सट्टे की आईडी उपलब्ध कराता था। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर ही पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की।
मामले में तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए अदालत में पेश किया गया है।
इससे पहले पुलिस ने नमन जग्गी और आयुष जैन को गिरफ्तार किया था, जिनके पास से मास्टर आईडी, सट्टा पैनल और करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए थे। प्रारंभिक जांच में कई सर्राफा कारोबारियों और व्यापारियों के इस नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका भी सामने आई है। पुलिस इस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और जल्द बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।





