May 13, 2026

रायपुर ब्रेकिंग: पद्मश्री फुलबासन यादव अपहरण प्रयास मामला, CM विष्णुदेव साय सख्त; दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

रायपुर। पद्मश्री सम्मानित वरिष्ठ समाजसेवी फुलबासन यादव के साथ हुए अपहरण प्रयास के मामले को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने बुधवार सुबह खुद फोन पर फुलबासन बाई से बात कर उनका हालचाल जाना और घटना की पूरी जानकारी ली।

CM ने लिया संज्ञान, जांच के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आश्वासन दिया कि मामले की हर एंगल से गहन जांच की जाएगी और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश भी जारी किए हैं।

फुलबासन यादव ने जताया आभार

घटना के बाद त्वरित कार्रवाई के लिए फुलबासन यादव ने मुख्यमंत्री और पुलिस प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

ट्रैफिक पुलिस की सूझबूझ से बची जान

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को दो महिलाएं कार से फुलबासन यादव के घर पहुंचीं और किसी बहाने उन्हें अपने साथ ले गईं। रास्ते में आरोपियों ने उनका मुंह बांध दिया और नेशनल हाईवे की ओर ले जाने लगे।

इसी दौरान इलाके में ट्रैफिक पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने कार को रोका तो फुलबासन यादव ने इशारों में अपनी स्थिति बताई। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर दोनों महिलाओं को पकड़ लिया और सुकुल देहान पुलिस को सौंप दिया।

चार आरोपी हिरासत में

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी खुशबू साहू (बेमेतरा के भौरी गांव की निवासी) ने पूरी साजिश रची थी। उसके साथ वाहन चालक समेत कुल चार आरोपी—दो महिलाएं और दो पुरुष—मौजूद थे। सभी से पुलिस पूछताछ कर रही है।

साजिश के पीछे की वजह की जांच

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने फुलबासन यादव का अपहरण क्यों किया और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।